जम्मू। रियासत के सबसे बड़े व्यापारिक और औद्योगिक संगठन चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज को द्विवार्षिक चुनाव शनिवार को होेंगे। मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रेल हेड कांप्लेक्स स्थित चैंबर भवन के आसपास के तमाम इलाके को बंद कर दिया गया है। चैंबर के सामने वाली सड़क में चारों ओर टेंट लगा दिए गए हैं। ऐेसा लग रहा है, जैसे कोई बड़ा विवाह समारोह हो। चैंबर अधिकारियोें के अनुसार चूंकि 21 जून वर्ष का सबसे गर्म दिन होता है, इसलिए सदस्यों की सुविधा के लिए तमाम व्यवस्था की गई है। सुबह नौ बजे चैंबर की एजीएम होगी और उसके बाद मतदान शुरू होगा, जिसमें कुल 2128 सदस्य अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। शाम पांच बजे मतदान समाप्त हो जाएगा। उसके बाद ही मतगणना शुरू हो जाएगी।
चुनाव में अध्यक्ष सहित चार पदों पर सीधा मुकाबला होगा। दो पद त्रिकोणीय संघर्ष में फंसे हैं। प्रेसीडेंट, सीनियर वाइस प्रेसीडेंट, जूनियर वाइस प्रेसीडेंट और सेक्रेटरी पद के लिए दो-दो उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि सेक्रेटरी जनरल के लिए तीन उम्मीदवार हैं। वैसे ट्रेजरर पद के लिए नामांकन वापसी के बाद एक उम्मीदवार ने दूसरे के समर्थन में बैठने की घोषणा कर दी, लेकिन नियमानुसार बैलेट पेपर पर इस पर तीन उम्मीदवार नजर आएंगे। चैंबर के पिछले दो चुनाव में प्रेसीडेंट वाईवी शर्मा के हाथों पराजय का सामना करने वाले राकेश गुप्ता को इस बार प्रवीण कुमार गुप्ता की चुनौती का सामना करना पड़ेगा। हालांकि राकेश गुप्ता पिछले एक साल से सदस्यों के संपर्क में हैं। वर्तमान सीनियर वाइस प्रेसीडेंट शाम लाल लंगर को अपने पद की रक्षा के लिए सुरिंदर महाजन की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है, जो रघुनाथ बाजार बिजनेसमैन एसोसिएशन के पूर्व प्रेसीडेंट रहे हैं। जूनियर वाइस प्रेसीडेंट में इस बार चैंबर के वर्तमान दो पदाधिकारियों के बीच सीधा मुकाबला है। वर्तमान सेक्रेटरी दीपक अग्रवाल और ट्रेजरर भारत भूषण गुप्ता। दीपक अग्रवाल इससे पहले ट्रेजरर और सेक्रेटरी पद पर सफल पारी खेल चुके हैं और इस बार जूनियर वाइस प्रेसीडेंट पद पर अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।
सेक्रेटरी जनरल के लिए त्रिकोणीय मुकाबला होगा। वर्तमान सेक्रेटरी जनरल अरुण गुप्ता को अपनी प्रतिष्ठा बचाने के लिए अनिल गुप्ता और मनीष गुप्ता की चुनौती का सामना करना पड़ेगा। अनिल गुप्ता वर्तमान टीम के जूनियर वाइस प्रेसीडेंट हैं, जबकि मनीष गुप्ता वर्ष 2010 में सेक्रेटरी चुने गए थे। सेक्रेटरी पद पर इस बार नया चेहरा चैंबर को मिलेगा। पिछली बार इस पद पर हारने वाले राहुल महाजन को नए चेहरे राजेश गुप्ता का मुकाबला करना होगा। इसके अलावा ट्रेजरर पद पर भी इस बार नया शख्स काबिज होगा। राकेश जंडियाल का मुकाबला इस बार आशु गुप्ता और नरिंदर गुप्ता से होगा। नरिंदर गुप्ता मौखिक रूप से मैदान से हटने की घोषणा कर चुके हैं।