जम्मू। एमएएम कालेज में वीरवार को छात्रों के दो समूह आमने-सामने आ गए। पिछले कुछ दिनों से प्रदर्शन कर रहे छात्रों के विरोध में दूसरा ग्रुप प्रदर्शन का विरोध करने लगा। इस मौके पर किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए काफी संख्या में पुलिस भी पहुंच गई। अतिरिक्त जिला आयुक्त ने भी मौके पर पहुंच कर हालात का जायजा लिया। अतिरिक्त जिला आयुक्त ने इस मौके पर छात्रों से मुलाकात कर उनका पक्ष जाना।
जानकारी के अनुसार छात्रों के साथ होने वाली बातचीत में अतिरिक्त जिला आयुक्त का कहना था कि ट्रांसफर का मामला नीतिगत मामला होता है। इसके अलावा अन्य कई मुद्दों पर भी छात्रों के साथ विचारों का आदान प्रदान किया गया। कालेज प्रिंसिपल प्रो. अनीता सूदन का कहना है कि सबकुछ नियंत्रण में है। छात्र पढ़ना चाहते हैं और कक्षाएं नियमित रूप से चल रही हैं। पिछले कुछ दिनों से विभिन्न मांगों पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों को उस समय विरोध सहना पड़ा, जब छात्रों का एक दूसरा समूह कक्षाओं को सुचारु रूप से लगाने के लिए प्रदर्शन करने लगा। हालात की गंभीरता को देखते हुए काफी संख्या में पुलिस बल भी पहुंच गया। विरोध कर रहे छात्रों का नेतृत्व कर रहे लकी सिंह का कहना था कि उनको सुबह पुलिस ने कालेज पहुंचते हुए उठा लिया और बाद दोपहर को छोड़ा। गौरतलब है कि कुछ छात्र उच्च शिक्षा में भ्रष्टाचार, कथित भाई-भतीजावाद, ट्रांसफर नीति का साफ न होना आदि जैसे मुद्दों पर लगातार प्रदर्शन कर रहे थे।