जम्मू। शहर के आसपास का इलाका एक बार फिर बारिश से भीग गया। बारिश के कारण हुई तापमान में गिरावट से लोगों ने हल्की राहत महसूस की। हालांकि उससे पहले गर्मी और उमस से लोगों का बुरा हाल हुआ। रविवार देर शाम को होने वाली बारिश का असर सोमवार को न के बराबर था। मौसम विभाग ने साफ किया है कि अगले चौबीस घंटों के दौरान जम्मू में बाद दोपहर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। रविवार देर शाम को होने वाली बारिश का असर सोमवार को पूरी तरह से गायब हो गया। सुबह कुछ देर तक हवा में ठंडक जरूर थी लेकिन दोपहर को गर्मी और उमस से बुरा हाल हुआ। आर्द्रता की अधिकता के चलते हालात और खराब हुए। दोपहर को हर किसी ने अपने तरीके से राहत पाने के विकल्प तलाशे। पूरा दिन सूरज तपने के कारण दिन का तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वे लोग जिनके घर रणवीर नहर के आसपास थे, ने नहर पर पहुंच कर खुद को ठंडा किया लेकिन शाम को एक बार फिर बादल घिर आए और इस दौरान अखनूर, एक नंबर, मढ़, कानाचक्क, पुरखू, दोमाना, जसवां, गजनसू आदि इलाकों में जोरदार बारिश हुई। बारिश के चलते तापमान में होने वाली गिरावट से लोगों ने राहत की सांस ली। गौरतलब है कि रविवार बाद दोपहर को होने वाली बारिश के दौरान उक्त अधिकांश इलाकों में बारिश नहीं हुई थी।