जम्मू। आल जेएंडके ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पंद्रह मई 2013 को की जाने वाली हड़ताल को स्थगित कर दिया है। सरकार और टू बाई टू बसों के खिलाफ मोर्चा खोला था। इसकी जानकारी मंगलवार को जम्मू कठुआ पैसेंजर ग्रुप एसोसिएशन के महासचिव रशपाल सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ उनकी बैठक चल रही है, जिसमें सकारात्मक परिणाम निकलने की उम्मीद है। महासचिव सिंह ने बताया कि आल ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों की ट्रांसपोर्ट कमिश्नर, ट्रांसपोर्ट सेक्रेटरी के साथ बैठक हुई है। इसके साथ ही जल्द मंत्री के साथ बैठक करेंगे।
उन्होंने बताया कि उनकी मांगों में टू बाई टू बसों के परमिट जारी करने पर रोक लगाना था, जिस पर अधिकारियों ने जल्द ही कोई सकारात्मक फैसला करने का विश्वास दिलाया है। टू बाई टू के चलते अन्य ट्रांसपोर्टरों का कारोबार खत्म होने की कगार पर है। इसके चलते उन्होंने पंद्रह मई से हड़ताल पर जाने का ऐलान किया था, क्योंकि टू बाई थ्री का किराया कम है, जिससे लोगों को राहत मिलती है, जबकि टू बाई टू का किराया ज्यादा है।
इससे लोगों को नुकसान उठाना पड़ता है। प्रशासन को टू बाई टू बसों को खाली रूट पर चलाने की अनुमति देनी चाहिए। पदाधिकारियों ने कठुआ-बसोहली के ट्रांसपोर्टरों के साथ हड़ताल में शामिल होने का ऐलान किया था।