जम्मू। मदर्स डे के आने पर ही हम अपनी मां के द्वारा किये गए महत्वपूर्ण कार्यों को उनके लिए धन्यवाद देते हैं। साथ ही इस दिन तोहफे आदि देते हैं। आज के बदलते दौर में कारपोरेट जगत और पैसे कमाने के लालच के अंधेपन के कारण आज हमारे समाज में रह रही माताओं की दुर्गति हो रही है। मदर्स डे के उपलक्ष्य में नेचर ह्यूमन सेंट्रिक पीपल मूवमेंट द्वारा कुंजवानी चौक में स्थित गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में एक दिवसीय सम्मेलन का आयोजन किया। इसमें मूवमेंट के साथ जुड़े सदस्यों और स्कूली छात्रों ने मदर डे पर अपने विचार रखते हुए कहा कि हम पैसे कमाने के चक्कर में मानवीय रिश्तों और नैतिक मूल्यों की कद्र करना भूल गए हैं। इसकी वजह से आज मां की काफी दयनीय हालत हो गई है। सम्मेलन में स्कूली छात्रों ने मां के साथ जुड़े गीत गाकर लोगों का मन मोह लिया। मूवमेंट सदस्य दीदार सिंह ने बताया, हमारे मूवमेंट का मुख्य लक्ष्य है कि हम बच्चों को मानवीय रिश्तों और पर्यावरण नैतिक मूल्यों की कद्र करना सिखाएं।
उधर, शेमरॉक इंटरनेशनल की ओर से शनिवार को कार्यक्रम का आयोजन किया। सेव गर्ल चाइल्ड विषय पर आयोजित कार्यक्रम में अन्य आयोजनों के अलावा सलाद बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें छात्रों की माताओं ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के विजेताओं में पुरस्कार भी वितरित किए। इस मौके पर स्कूल की निदेशक भारती भारद्वाज ने संबंधित विषय पर विचार भी रखे।