जम्मू/गंग्याल। ‘जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल।’ जैसे पंथक जैकारों के बीच बाबा बंदा सिंह बहादुर की चेतना यात्रा बुधवार को जम्मू पहुंची। देर रात पहुंची यात्रा का रास्ते में सिख संगत ने जोरदार स्वागत किया। लोग घंटों यात्रा का बेसब्री से इंतजार करते देखे गए। सिख पंथ के महान योद्धा बाबा बंदा सिंह जी बहादुर की याद में पांच अप्रैल को हरियाणा से चेतना यात्रा निकाली गई, जो रियासी स्थित उनके जन्म स्थान पर जाकर समाप्त होगी। चांद नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु नानक देव जी में यात्रा का रात्रि विश्राम हुआ। जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों ने यात्रा में शामिल पालकी साहिब का स्वागत किया। इस दौरान पंज प्यारों के नेतृत्व में श्री गुरु ग्रंथ साहिब को गुरुद्वारा साहिब में सुशोभित किया गया। रात्रि विश्राम के बाद सुबह चेतना यात्रा रियासी के लिए रवाना होगी।
जम्मू के प्रवेश द्वार कुंजवानी चौक पर यात्रा के पहुंचने पर सिख संगत द्वारा भव्य स्वागत किया गया। नेशनल सिख फ्रंट जम्मू-कश्मीर की ओर से यात्रा मार्ग पर भव्य पंडाल सजाया गया। यहां हजारों की संख्या में सिख संगत मौजूद थी। रात दस बजे के करीब चेतना यात्रा चौक पर पहुंची। सिख संगत द्वारा जो बोले सो निहाल के जयघोष लगाए। संगत द्वारा फूलों की वर्षा कर चेतना यात्रा का स्वागत किया गया। चेतना यात्रा में आगे वाले वाहन में पंज प्यारे चल रहे थे और उसके पीछे बंदा सिंह के बहादुर के पवित्र शस्त्र और वस्त्र रखे हुए थे। इस मौके पर आवास मंत्री रमण भल्ला भी पहुंचे और बंदा सिंह बहादुर की पवित्र पालकी साहिब में माथा टेका। सिख संगत ने मंत्री रमण भल्ला को सिरोपा देकर सम्मानित किया।