जम्मू। जम्मू कश्मीर में विकास से संबंधित मुद्दों पर नई दिल्ली में वीरवार को हुए मंथन में जम्मू एयरपोर्ट के विस्तार को हरी झंडी मिल गई। दो घंटे तक चली बैठक में केंद्र की तरफ से प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव पुलोक चटर्जी और जम्मू कश्मीर की तरफ से मुख्य सचिव इकबाल खांडे ने नुमाइंदगी की। बैठक में प्रधानमंत्री पुनर्निर्माण कार्यक्रम (पीएमआरपी) के तहत टीएंडडी प्रोजेक्ट की लागत बढ़ने के लिए अतिरिक्त 190 करोड़ रुपये के फंड जारी करने और जम्मू एयरपोर्ट के विस्तार के लिए काम शुरू करने को तुरंत आज्ञा देने पर रजामंदी हो गई। बैठक में पीएमआरपी, श्रीनगर-कारगिल-श्रीनगर और जम्मू-कारगिल-जम्मू रूट पर हवाई यात्रा किराये में सब्सिडी, राजोरी, किश्तवाड़ और पुंछ में छोटे एयरपोर्ट स्थापित करने के लिए केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय द्वारा फंड जारी करने के लंबित मुद्दों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। जम्मू के मुख्य सचिव और अन्य अफसरों ने केंद्रीय टीम को बताया कि राज्य सरकार जल्द ही एनएचपीसी द्वारा नेमो-बाजगो और चुटक पावर प्रोजेक्टों से बिजली खरीदने में छूट देने संबंधी प्रस्ताव भी केंद्र को भेजेगी। इस दौरान राज्य में पर्यटक गांवों के विकास का ब्यौरा भी राज्य के अफसरों ने देते हुए बताया कि पचास पर्यटक गावों में से 29 का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। बचे हुए 21 गांवों के निर्माण कार्य को आगामी वित्त वर्ष में मंजूरी दी जाएगी।बैठक में राज्य के योजना विभाग के प्रमुख सचिव बीआर शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव बीबी व्यास और बिजली विभाग के सचिव अरुण कुमार मेहता के अलावा केंद्रीय गृह सचिव आरके सिंह और अन्य विभागों के सचिवों ने भाग लिया।