जम्मू। पीडीसी बी ने अपने जीत अभियान को जारी रखते हुए बुधवार को चर्चिल ब्रदर्स क्लब को एकतरफा मुकाबले में पछाड़कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इसके अलावा शेर-ए-पंजाब ने राकेश कुमार की शानदार हैट्रिक की बदौलत विजय क्लब को सीधे मुकाबले में बाहर किया। विजेता टीमों के खिलाड़ियों ने सामने वालों को आगे आने का कोई मौका नहीं दिया और जीत दर्ज की।
आल जेएंडके इंदिरा गांधी पीपुल्स एसोसिएशन की ओर से करवाई जा रही इस टूर्नामेंट में बुधवार को पहले मुकाबले में शुरू में पीडीसी बी और चर्चिल ब्रदर्स क्लब के बीच कांटे की टक्कर रही। दोनों ही ओर से शुरू से ही जोरदार हमले हुए, मगर दोनों ही ओर से रक्षापंक्ति के मजबूत होने से शुरुआती दौर में किसी को कोई सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद रणनीति बदलकर खेलते हुए पीडीसी बी के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया और मैच के 40वें मिनट में अमनजोत सिंह ने शानदार मूव बनाते हुए बाल को गोल पोस्ट में डालकर 1-0 से बढ़त दिलाई। इस गोल के बाद अन्य खिलाड़ियों ने भी जोश दिखाया और 47वें मिनट में राहुल कुमार ने शानदार गोल ठोककर 2-0 से बढ़त ले ली। इसके बाद डेवियन को 55वें मिनट में सफलता मिली और टीम का स्कोर 3-0 से आगे बढ़ा। इसी तरह साहिल डार ने 63वें मिनट में शानदार गोल ठोककर टीम को 4-0 से मजबूत स्थिति पर लाकर खड़ा कर दिया। आबिद ने अंतिम क्षणों में 69वें मिनट में गोल ठोककर टीम को 5-0 से जीत की दहलीज तक पहुंचाया। दूसरा मुकाबला भी एकतरफा रहा। इसमें शेर-ए-पंजाब के खिलाड़ियों ने विजय क्लब को आगे आने का कोई मौका न देते हुए 7-0 से शानदार जीत दर्ज की। दिलावर सिंह ने 7वें मिनट में टीम की ओर से खाता खोला। राकेश कुमार ने 9वें मिनट में शानदार गोल ठोककर 2-0 से बढ़त ली। दिलावर सिंह ने अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए 25वें मिनट में अपना दूसरा और टीम की ओर से तीसरा शानदार गोल ठोका। राकेश कुमार ने भी अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए 47वें, 54वें और 57वें मिनट में लगातार तीन गोल ठोककर चैंपियनशिप की पहली हैट्रिक दर्ज की। टीम की ओर से वीरेंद्र सिंह ने 59वें मिनट में सातवां गोल ठोका। इन मुकाबलों में कौशल कुमार, सुरेश गुप्ता, हिलाल अहमद, रोहित कुमार गुप्ता, विजय कुमार, सोहन कुमार, गगन कुमार ने तकनीकी अधिकारियों की भूमिका निभाई। खिलाड़ियों की हौसला आफजाई करने नरेंद्र गुप्ता फुटबाल प्रेमी आदि पहुंचे।