जम्मू। एमए स्टेडियम में चल रहे जेएंडके पुलिस फ्रेंडशिप कप में अपने जीत अभियान को जारी रखते हुए जेकेएपी और रैनावारी क्रिकेट क्लब ने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर अगले दौर में प्रवेश किया। इन मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए विजेता टीमों के यासिर और सतीश को मैन आफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।
रविवार को खेले गए मुकाबलों में टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सेक्रेट्रीएट इलेवन ने 12.1 ओवर में 37 रनों का आसान स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से कोई भी बल्लेबाज बड़ा स्कोर खड़ा करने में कामयाब नहीं हो सका। मुश्ताक ने सर्वाधिक तीन चौकों से 16 रन जुटाए। जेकेएपी इलेवन की ओर से बलवान ने दो ओवर में 10 रन देकर तीन बल्लेबाजों को बाहर का रास्ता दिखाया। यासिर ने दो ओवर में चार रन देकर दो और जतिंद्र ने एक ओवर में एक रन देकर दो विकेट चटकाए। शौकत और रोंपी एक-एक विकेट लेने में कामयाब रहे। इसके जवाब में जेकेएपी ने 2.3 ओवर में ही बिना कोई विकेट गंवाए लक्ष्य को हासिल कर लिया। यासिर ने तीन चौकों और एक छक्के से 9 गेंदों पर ताबड़तोड़ 18 रनों की नाबाद पारी खेली। दूसरे छोर से रोंपी ने चार चौकों से 6 गेंदों पर नाबाद 16 रन जोड़े। एस इलेवन की ओर से किसी भी गेंदबाज को कोई सफलता नहीं मिली। दूसरे मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए विशाल क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 111 रनों का स्कोर खड़ा किया। निपुण ने तीन चौकों और एक छक्के से 26 गेंदों पर सर्वाधिक 25 रनों की पारी खेली। रवि पंडित ने तीन चौकों से 16 गेंदों पर 16 और आदित्य ने 27 गेंदों पर 14 रन जुटाए। रैनावारी क्रिकेट क्लब की ओर से रोहित ने चार ओवर में 15 रन देकर दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। कुलदीप ने चार ओवर में नौ रन देकर दो और सतीश ने चार ओवर में 24 रन देकर एक विकेट चटकाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरे रैनावारी क्लब के बल्लेबाजों ने 18.1 ओवर में छह विकेट गंवाकर जीत दर्ज कर ली। सतीश ने चार चौकों से 19 गेंदों पर 24 रनों की पारी खेली। शाहवाज ने एक छक्के और दो चौकों से 34 गेंदों पर 24, ईशान ने एक चौके और एक छक्के से 10, थापलो ने एक चौके से 15 गेंदों पर 10 रन जुटाए। राकेश कौल ने तीन ओवर में 20 रन देकर एक और प्रशांत ने 3.1 ओवर में 19 रन देकर एक विकेट चटकाया।
इन मुकाबलों में योगेश शर्मा, संदीप, संजय ने तकनीकी अधिकारियों की भूमिका निभाई।