जम्मू। विश्वविद्यालय जम्मू में 19 नवंबर से आल इंडिया वाइस चांसलर ट्वंटी-20 क्रिकेट कप टूर्नामेंट 2012 का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देशभर के विश्वविद्यालयों के धुरंधर जलवे दिखाएंगे। 3 दिसंबर तक चलने वाली इस चैंपियनशिप को चार पूल में बांटा गया है। इसमें हर पूल में पांच-पांच टीमें लीग मुकाबले खेलेंगी और क्वार्टर फाइनल से नाक आउट स्तर पर मुकाबले होंगे। सभी मुकाबले विश्वविद्यालय के दो मैदानों पर आयोजित किए जाएंगे। इस बीच शुक्रवार को शारीरिक शिक्षा विभाग, विवि के निदेशक प्रो. ध्यान सिंह भाऊ ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर चैंपियनशिप को सफल बनाने के लिए कई दिशा निर्देश जारी किए। इसमें कुल बीस टीमें शिरकत कर रही हैं। जिसमें मेजबान के अलावा श्रीनगर यूनिवर्सिटी, जामिया (दिल्ली), दिल्ली यूनिवर्सिटी, ईग्नो, पटियाला, जीएनडीयू अमृतसर यूनिवर्सिटी, पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़, शिमला यूनिवर्सिटी, गोरखपुर यूनिवर्सिटी, बंगलूरू यूनिवर्सिटी, हैदराबाद यूनिवर्सिटी आदि शामिल हैं। चैंपियनशिप के लिए विवि के हाकी और दूसरे क्रिकेट मैदान पर सभी मुकाबले आयोजित करवाए जा रहे हैं। हाकी के मैदान में सुधार किया गया है। रोजाना चार मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इसमें 29 नवंबर तक लीग मुकाबले होंगे।