जम्मू। जम्मू संभाग के डिवीजनल कमिश्नर प्रदीप गुप्ता ने विक्रम चौक पर फ्लाई ओवर बनाए जाने को लेकर शुक्रवार को विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारियों तथा संबंधित लोगों के साथ बैठक की, जिसमें उन्होंने उच्चाधिकारियों को फ्लाई ओवर के कार्य की प्रक्रिया समय पर और जल्द शुरू करने निर्देश दिए हैं।
95.50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाले फ्लाई ओवर की चौड़ाई 17.0 मीटर होगी, जबकि इसकी लंबाई 1.3 किलोमीटर रखी गई है। इसे जम्मू कश्मीर कश्मीर अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट इन्वेस्टमेंट प्रोग्राम के तहत इरा की ओर से तैयार किया जाएगा।
डिवकॉम ने बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि फ्लाई ओवर के निर्माण कार्य में जो भी दुकानें या जगह आती है, उसे शिफ्ट कर दिया जाए, ताकि कार्य करने में आसानी हो। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट को शुरू करने को लेकर सरकार प्रयासरत है, इसके साथ ही विभागों को भी रुचि दिखाते हुए कार्य को जल्द शुरू करने में योगदान देना होगा। इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर संजीव वर्मा, जेडीए की वाइस चेयरपर्सन सरिता चौहान, इरा के सीईओ सौरभ भगत, जेएमसी कमिश्नर केएल खजूरिया, बीएसएनएल के डीजीएम कुलभूषण शर्मा, एसआरटीसी के एमडी जेएस टंडन, इरा के डायरेक्टर विनोद शर्मा, इन्फारमेशन के संयुक्त निदेशक सौजन्य शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।