जम्मू। स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (एसआरटीसी) के वीआरएस (रिटायर) मुलाजिमों ने भी सरकार और एसआरटीसी प्रबंधन पर बकाया जारी न करने का आरोप लगाते हुए 21 नवंबर को सचिवालय घेराव करने का एलान किया है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रेस क्लब से रैली निकालकर विभिन्न बाजारों से होते हुए सचिवालय की ओर से कूच किया जाएगा।
आल जेएंडके एसआरटीसी इंप्लाइज एसोसिएशन जम्मू कश्मीर के प्रधान देवराज बाली की अध्यक्षता में रविवार को हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वीआरएस देते समय एसआरटीसी प्रबंधन ने 60 दिनों के भीतर सारा बकाया जारी करने का वादा किया था, लेकिन अब तीन साल बकाये को संघर्ष करने के बावजूद भी वीआरएस कर्मी अपने हक की लड़ाई लड़ने को मजबूर हैं।
बाली ने सभी वीआरएस और जीएचएस कर्मियों से अपील की कि वह एसोसिएशन में शामिल होकर 21 नवंबर को प्रेस क्लब के बाहर से निकाली जाने वाली रैली में हिस्सा लें, ताकि वीआरएस कर्मियों की मांगें सरकार तक पहुंच पाएं। वीआरएस मुलाजिमों की मांगों में वर्ष 2006 से लंबित कोला की 126 स्लैब जारी की जाए और छठे वेतन आयोग के एरियर भी उन्हें दिए जाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने आदेश संख्या 218 एफ का गलत तरीके से इस्तेमाल किया है।
इस अवसर पर बलविंद्र सिंह, डीएन शर्मा, असान इलाही, सुरजीत सिंह, सुरेंद्र सिंह, बिंद्रावन शर्मा, प्रेम नाथ, साईं मोहम्मद और गुलशन सिंह आदि शामिल रहे।