d अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर के साथ सटे बटमालू इलाके में मस्जिद से जुमे की नमाज की अता कर घर लौट रहे सेवानिवृत्त डीएसपी की संदिग्ध आतंकियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। संदिग्ध आतंकियों द्वारा सेवानिवृत्त डीएसपी को निशाना बनाने केे तुरंत बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों द्वारा अस्पताल पहुंचाया गया। पर डाक्टरों ने पूर्व डीएसपी को मृत लाया घोषित कर दिया गया। मारे गए पूर्व डीएसपी की पहचान अब्दुल हमीद भट िनवासी मोमिना की गई है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। देर शाम समाचार लिखे जाने तक किसी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली थी।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार दोपहर को जुमे की नमाज अता करने पूर्व डीएसपी अब्दुल हमीद भट घर से कुछ ही दूरी पर स्थित एक मस्जिद में नमाज पढ़ने गये थे। दोपहर करीब पौने दो बजे जब भट मस्जिद से नमाज पढ़कर घर लौट रहे थे तो इसी दौरान मस्जिद से कुछ ही दूरी पर कुछ संदिग्ध आतंकियों द्वारा पूर्व डीएसपी भट की गोली मारकर हत्या कर दी। इलाके में आतंकी वारदात की दहशत के चलते तनाव और अफरातफरी मच गई। इसी दौरान मौके का लाभ उठाकर हमलावर घटनास्थल से फरार होने में सफल रहे। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और हमलावरों की धरपकड़ भी शुरू कर दी गई है। पुलिस महानिरीक्षक कश्मीर एसएम सहाय के मुताबिक श्रीनगर शहर और आसपास के इलाकों सहित घाटी में स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा बलों को पहले ही अलर्ट पर रखा गया है। आईजी के मुताबिक हमलावरों की पहचान कर उनकी जल्द धरपकड़ कर ली जाएगी।