रामबन के चंद्रकोट में पहुंचे श्रद्धालु।
रामबन। जिला प्रशासन ने खीर भवानी मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं का चंद्रकोट में पारंपरिक स्वागत किया। प्रशासन ने सांप्रदायिक सद्भाव और आतिथ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उपायुक्त बसीर-उल-हक चौधरी ने स्वागत समारोह की अध्यक्षता की। 3,000 से अधिक श्रद्धालु जिनमें कश्मीरी पंडित भी शामिल हैं, कश्मीर में वार्षिक खीर भवानी मेले में भाग लेने के लिए जम्मू से रवाना हुए थे। उपायुक्त ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए भोजन की विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि सभी तीर्थ यात्रियों की सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए जिला और पुलिस प्रशासन ने व्यापक व्यवस्था की है। इसमें भोजन, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाएं शामिल हैं। रामबन के उपायुक्त ने भी श्रद्धालुओं को यात्रा के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि माता खीर भवानी का आशीर्वाद सभी के लिए सद्भाव, समृद्धि और कल्याण लाएगा। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त वरुणजीत सिंह चरक, एसपी मुजीब-उर-रहमान आदि अधिकारी मौजूद थे। संवाद