उधमपुर: सुभाष स्टेडियम में चेकिंग करते हुए सुरक्षाकर्मी.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। शहर में इस बार दशहरा धूमधाम से मनाने की तैयारी है। सुभाष स्टेडियम में दशहरा उत्सव समिति ने 35 फुट ऊंचा रावण का और 30-30 फुट ऊंचा मेघनाथ व कुंभकरण का पुतला उत्तर प्रदेश के कारीगरों से खड़ा करवा लिया है। इसी के साथ मेहमानों के बैठने व दर्शकों के खड़े होने के लिए स्थान तैयार है। हाल ही में हुईं दुर्घटनाओं को देखते हुए सुरक्षाबलों ने उत्सव स्थल को कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब चार बजे चबूतरा बाजार से भगवान श्रीराम की झांकी निकाली जाएगी। यह झांकी मुख्य बाजार, लाल चौक, इंदिरा चौक, मुखर्जी, रामनगर चौक, सलाथिया चौक व धार रोड से होकर शाम करीब पांच बजे सुभाष स्टेडियम पहुंच कर संपन्न होगी। यहां भगवान श्रीराम के हाथों रावण का दहन किया जाएगा। स्टेडियम में काम कर रहे कारीगरों ने मंगलवार दोपहर को ही पुतले खड़े करने का काम शुरू किया था। इसके लिए कारीगर उत्तर प्रदेश से लाए गए हैं।
मंगलवार शाम को सुभाष स्टेडियम को अपनी सुरक्षा में लेने के लिए सुरक्षाबल भी पहुंच गए। सुरक्षाबलों ने स्टेडियम को कब्जे में लेने के बाद बिना अनुमति किसी को जाने नहीं दिया। बम का पता लगाने के लिए सुरक्षाबलों की एक टीम दोपहर को ही स्टेडियम में पहुंच गई थी। इस टीम ने पूरे स्टेडियम की जांच की। दशहरा उत्सव समिति के सदस्य विक्रम सलाथिया ने बताया कि तीनों पुतले जम्मू के गीता भवन से उधमपुर में लाए गए हैं, और बनाने वाली टीम ही इन्हें खड़ा कर कर रही है। इनमें आतिशबाजी भरी गई है। जैसे ही आग की चपेट में पुतले आएंगे तो देखते ही देखते तीनों पुतले जल उठेंगे। मैदान में लंका भी तैयार की जा रही है। इसे भगवान हनुमान आग लगाएंगे।
-----
हाल की दुर्घटनाओं के कारण सुरक्षा के कड़े प्रबंध
दो बसों में धमाकों के बाद पुलिस अलर्ट होकर काम कर रही है। शहर के जखैनी इलाके में विशेष नाका लगाकर श्रीनगर और जम्मू जाने वाले वाहनों की तलाशी ली जा रही है। पूरी तलाशी के बाद ही वाहनों को आगे रवाना किया गया। शहर के विभिन्न हिस्सों में पुलिस के साथ सीआरपीएफ के जवान भी तैनात हैं।
उधमपुर: सुभाष स्टेडियम में पूतलो को तैयार करते कारीगर.- फोटो : UDHAMPUR