मिनी स्टेडियम में दो दिवसीय संभाग स्तरीय अंतर जिला हैंडबाल प्रतियोगिता का आगाज
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग उधमपुर की तरफ से बुधवार को शहर के मिनी स्टेडियम में बॉयज अंडर-14 और 17 वर्ग की दो दिवसीय हैंडबाल संभागीय स्तरीय अंतर जिला प्रतियोगिता का आगाज हुआ। इसका शुभारंभ डीसी सलोनी राय के नेतृत्व और जिला खेल अधिकारी रोमेश चंद्र मिश्रा की देखरेख में किया गया।
पहले दिन के हुए मुकाबलों में बॉयज अंडर 14 वर्ग में जम्मू ने पुंछ को 6-3 से हराया। इसमें जम्मू के आश्रय ने सबसे अधिक 4 गोल किए। इसी तरह उधमपुर ने राजौरी को 15-0 से मात दी। इसमें उधमपुर के समर ने सबसे अधिक 9 गोल किए, जबकि प्रथमेश और अश्मित ने 3-3 गोल किए।
बॉयज अंडर-17 के पहले मुकाबले में राजोरी ने किश्तवाड़ को 6-4 से हराया। इसमें राजोरी के आशीष चौधरी ने पांच गोल किए। दूसरे मुकाबले में जम्मू ने डोडा को 19-11 से हराया। तीसरे मुकाबले में उधमपुर ने राजोरी को 18-5 से हराया।
उद्घाटन समारोह में एसएसपी आमोद अशोक नागपुरे मुख्य अतिथि और डीएसपी मुख्यालय प्रह्लाद शर्मा, डीएसपी ट्रैफिक जतिंदर सिंह व एसएचओ रघुबीर सिंह सम्मानित अतिथि थे। खेल अधिकारी ने बताया कि इस टूर्नामेंट में जम्मू संभाग के 10 जिलों के 144 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
मुख्य अतिथि ने समग्र विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए खेलों की अनिवार्यता पर प्रकाश डाला तथा नशीले पदार्थों के हानिकारक प्रभावों की ओर ध्यान आकर्षित किया।