राम कला केंद्र के पास बुधवार रात नौ बजे से बंद नाली ने बढ़ाई लोगों की दिक्कतें
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। शहर के वार्ड चार की आदर्श कॉलोनी में स्थित राम कला केंद्र के पास बुधवार रात नौ बजे से नाली बंद होने पर दोपहर तक सड़क पर गंदा पानी और कचरा बहता रहा। इस कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। लोगों का आरोप है कि नाली क्षतिग्रस्त है, जिस कारण हर आए दिन बंद हो कर परेशानी का सबब बनती है।
क्षेत्रवासी मोहन लाल, विशाल और गोपाल सिंह आदि ने बताया कि नाली के कई जगह से क्षतिग्रस्त होने व साफ-सफाई सुचारू रूप से नहीं होने के कारण आए दिन नाली बंद हो जाती है। इससे कचरा व गंदा पानी सड़कों में बहने लगता है। समस्या को लेकर वह कई बार नगर परिषद के आला अधिकारियों को अवगत करवा चुके हैं, लेकिन आजतक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। हालांकि, वीरवार को सूचना के बाद सफाई कर्मचारियों ने सफाई कर बंद नाली को सुचारू कर दिया है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है।
वार्ड में घर-घर से कचरा उठाने की व्यवस्था है, लेकिन लोग फिर भी नाली में कचरा फेंक देते हैं। इससे नाली बंद हो जाती है। सफाई कर्मचारियों को हिदायत दी गई है कि वह समय-समय नाली की साफ-सफाई करें, ताकि लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
- अमित शर्मा, सीईओ, नगर परिषद