तीसरे दिन भी महिलाओं ने किया प्रदर्शन, कहा- ठेके के स्थानांतरण तक जारी रहेगा विरोध
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। शहर से लगती सरसू पंचायत के सरमाटा में खोली गई शराब की दुकान खिलाफ तीसरे दिन भी लोगों में आक्रोश बरकरार है। रविवार को पुरुआ जागीर की पूर्व सरपंच सुनीता के नेतृत्व में महिलाओं ने दुकान के आगे धरना-प्रदर्शन किया है। साथ ही चेतावनी दी है कि दुकान के स्थानांतरण तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
पूर्व सरपंच ने कहा कि प्रशासन की ओर से क्षेत्र में कोई भी काम करना होता है तो इसकी जानकारी पहले दी जाती है। लेकिन क्षेत्र में शराब की दुकान खोलने के बारे में स्थानीय लोगों को सूचित नहीं किया गया। क्षेत्र में किसी भी कीमत पर शराब की दुकान खोलने नहीं दी जाएगी। जब तक दुकान को स्थानांतरित नहीं किया जाता तब तक महिलाओं का धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। मामले को लेकर लगातार प्रशासन से बात चल रही है। प्रशासन से आग्रह है कि जल्द शराब की दुकान को स्थानांतरित किया जाए। क्षेत्र में शराब की दुकान खोलकर युवाओं को नशे की ओर नहीं धकेल सकते हैं। क्षेत्र में शराब की दुकान खोलने का मतलब बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।