स्वास्थ्य विभाग ने रामनगर ब्लॉक के सब सेंटर तेंथा में लोगों को किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। दूषित पानी पीने से डायरिया का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए जितनी सावधानी बरतेंगे उतना ही इस बीमारी से दूर रहेंगे। लापरवाही बरतने पर अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ सकते हैं। यह अपील चिकित्सा टीम ने लोगों से की है।
शनिवार को डायरिया रोको अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से रामनगर ब्लॉक के सब सेंटर तेंथा में डायरिया रोको अभियान चलाया गया। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। चिकित्सा टीम ने बताया कि बरसात में पानी को उबाल कर पीएं। लोगों को ओआरएस का सेवन अधिक मात्रा में करने की सलाह दी।
उन्होंने बताया कि इस बीमारी की चपेट में आने वाले व्यक्ति को पेट में इंफेक्शन, दस्त, उल्टियां होती हैं। इससे शरीर का पानी खत्म होने की संभावना रहती है। ओरआरएस का लगातार सेवन करने से पानी खत्म होने के खतरे से बच सकते हैं। डाक्टरों ने कहा कि खान-पान में एहतियात बरतने की जरूरत है। इस मौसम में हमें बाहर का खाना खासतौर पर फास्ट फूड का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
शिविर में आए लोगों को ओआरएस के पैकेट और दवाइयां वितरित की गईं। बीएमओ रामनगर डॉ. हरविंद्र सिंह ने बताया कि डायरिया रोको अभियान के चलते हर क्षेत्र में शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि लोग डायरिया से बचाया जा सके। डाक्टरों की टीमें लोगों को लगातार जागरूक कर रही हैं।