क्षेत्रवासियों ने बस सेवा को बहाल करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामनगर। बसंतगढ़ से जम्मू के लिए सरकारी बस सुविधा दो साल से बंद है। इस कारण बसंतगढ़ के रायचाक, कदवा, पोनारा, खनेड़, संग, कड़ोठा, हरथल, बग्गन, प्लाई और कटली क्षेत्र के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने जिला प्रशासन और एआरटीओ से बसंतगढ़ से जम्मू तक सीधी बस सेवा बहाल करने की मांग उठाई है।
स्थानीय निवासी एवं समाज सेवक संजय कुमार, पूर्व नायब सरपंच मोहम्मद सलीम, सुनील सिंह, जावेद अहमद और उमरदीन ने बताया जम्मू-कश्मीर पथ परिवहन की बस सेवा बसंतगढ़ से जम्मू के लिए दो साल पहले शुरू हुई थी। लेकिन, बर्फबारी के चलते दो माह बंद हो गई।
लेकिन दो वर्ष से बस सेवा बंद है। इस कारण क्षेत्रवासियों को जम्मू पहुंचने के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बसंतगढ़ से जम्मू पहुंचने में पूरा दिन बर्बाद हो जाता है। लोगों को पहले रामनगर और फिर वहां उधमपुर के लिए बस लेनी पड़ रही है। इसके बाद वहां से जम्मू के लिए बस मिलती है।
पहले बसंतगढ़ से जम्मू तक सिर्फ 6 घंटे का समय लगता था। अब बसंतगढ़ से जम्मू के लिए अलग-अलग बसें बदलने से पूरा दिन भी बर्बाद हो जाता है।