डायरिया रोको अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने धीरन में लोगों को किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। कई स्थानों पर लोग पानी के लिए प्राकृतिक स्रोतों पर निर्भर हैं। बरसात में पानी ज्यादातर पानी के दूषित होने की संभावना रहती है। लोग अगर पानी को उबाल कर पीएंगे तो जलजनित रोगों खास कर डायरिया से बच पाएंगे। इसलिए, बरसात में पानी उबाल कर ही पीएं। यह अपील चिकित्सा टीम ने धीरन में लोगों से की है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों से लोगों को बचाने के लिए लगातार जागरूकता शिविर लगाए जा रहे हैं। मंगलवार को धीरन में डायरिया रोको अभियान के तहत लोगों को डायरिया से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया।
डाक्टरों की टीम ने बताया कि बरसात में सभी लोग पानी को बिना उबाले न पीएं। ओआरएस का सेवन अधिक मात्रा में करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम आते ही कई प्रकार की बीमारियां बढ़ जाती हैं। छोटी सी लापरवाही से कई बीमारियों हमें जकड़ सकती हैं। जो भी व्यक्ति डायरिया की चपेट में आता है उसे उल्टी, दस्त व पेट में इंफेक्शन होने के कारण उसका पानी खत्म हो सकता है। लेकिन, ओआरएस का सेवन लगातार करेंगे तो शरीर में पानी की कमी पूरी होगी।
शिविर में लोगों को विभाग की ओर से ओआरएस के पैकेट व दवाइयां वितरित की गईं। बीएमओ रामनगर डॉ. हरविंद्र सिंह ने बताया कि डायरिया रोको अभियान जारी है। सभी स्वास्थ्य केंद्रों में जागरूकता शिविर लगाकर लोगों को डायरिया से बचने के लिए जागरूक किया जा रहा है।