उधमपुर। शारदीय नवरात्र के साथ ही शुरू होने वाली रामलीला का मंचन भी शुरू हो गया। जिले के विभिन्न हिस्सों में आयोजित होने वाली रामलीला की शुरुआत विधिवत रूप से गणेश वंदना के साथ हुई। उधमपुर शहर के बीचोबीच स्थित चबूतरा बाजार में श्री राम कला केंद्र और पुरानी सब्जी मंडी में हर वर्ष रामलीला का आयोजन पूरे उत्साह के साथ किया जाता है। सोमवार की रात्रि जय श्री राम जी के घोष के साथ पूरा गूंज उठा। चबूतरा बाजार में लगभग रात नौ बजे के करीब सभी कलाकारों तैयार होकर मंच पर पहुंचे और गणेश वंदना के साथ रामलीला की शुरूआत की। सबसे पहले रावण वेदमति संवाद दृश्य का मंचन हुआ। जैसे ही दर्शकों के बीच से होते रावण के किरदार में तैयार कलाकार मंच पर पहुंचा तो दर्शक जय श्री राम के घोष लगाने लगे। वहीं रावण की डायलॉग डिलीवरी ने भी दर्शकों को खूब आकर्षित किया। जिसके बाद अन्य दृश्यों का मंचन हुआ। मंगलवार से पुरानी सब्जी मंडी में रामलीला का मंचन शुरू कर हो जाएगा।