जम्मू से श्रीनगर की ओर जा रहा था लोडेड ट्रक
कश्मीर के कुलगाम का रहने वाला था चालक
संवाद न्यूज एजेंसी
रामबन। रामबन में रात को एक ट्रक के खाई में गिरने से चालक की मौत हो गई है। यह हादसा जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर केलामोड़ के पास हुआ है। मृतक की पहचान मोहम्मद इरफान डार पुत्र अब्दुल कयूम डार निवासी कुलगाम (कश्मीर) के रूप में हुई है।
जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर रामबन के केलामोढ़ इलाके में बुधवार रात को फोर-लेन परियोजना के तहत निर्माणाधीन सड़क पर एक हादसा हुआ। इसमें जम्मू से श्रीनगर की ओर जा रहा लोडेड ट्रक (जेके03ई-8003) अनियंत्रित हो कर खाई में गिर गया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ मौके पर पहुंची और घटनास्थल से शव को निकाल कर जिला अस्पताल रामबन के शवगृह में स्थानांतरित किया। एसएसपी मोहिता शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया है। वहीं, मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।