समस्या का निदान नहीं होने पर चौकड़ नाला के लोगों ने किया प्रदर्शन
एक घंटा सड़क बंद होने पर लगी वाहनों की कतारें
कार्यालय का घेराव करने की दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। मरोठी पंचायत के चौकड़ नाला गांव में काफी समय से पानी समस्या व्याप्त है। वीरवार को ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया और उन्होंने लाटी-मरोठी सड़क को एक घंटा जाम कर जलशक्ति विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। वहीं, जल्द कदम नहीं उठाने पर विभाग के कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी है।
सड़क जाम करने से दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई थीं, जिस कारण गर्मी के मौसम में वाहन चालकों और यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। सड़क जाम करने के बावजूद कोई विभागीय अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिस कारण ग्रामीणों में खासा रोष दिखाई दिया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि क्षेत्र में पेजयल की कोई व्यवस्था नहीं है। लोगों टैंकर मंगवा कर गुजारा करने के लिए मजबूर हैं। समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग व प्रशासन को अवगत करवा चुके हैं, लेकिन आजतक सिवाए आश्वासन के कोई कदम नहीं उठाया गया है। अगर इस बार विभाग ने क्षेत्र में पीने के पानी की व्यवस्था नहीं की तो वह कार्यालय का घेराव करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। उन्होंने डीसी से जल्द समस्या को दूर करने की गुहार लगाई है।