उधमुपर में प्रदेश प्रभारी और अध्यक्ष ने कार्यकर्ता सम्मेलन में साधा निशाना
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जम्मू-कश्मीर की जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों से तंग आ चुकी है और अब उससे छुटकारा पाना चाहती है। इसकी झलक लोकसभा चुनाव में भी नजर आई है। इसलिए कार्यकर्ता जन-जन तक पहुंचे और उन्हें पार्टी की जनहित नीतियों से अवगत कराएं, उनके दुखदर्द सुनें ताकि समय आने पर उनका सही तरीका से समाधान किया जा सके। यह बातें प्रदेश प्रभारी भरत सिंह सोलंकी और प्रदेश अध्यक्ष वकार रसूल वानी ने कार्यकर्ता सम्मेलन में कहीं।
अगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी की तरफ से शुक्रवार को उधमपुर में एक कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। इसके बाद प्रेसवार्ता में भरत सिंह सोलंकी ने कहा कि भाजपा के शासन काल में जम्मू-कश्मीर की जनता की सिर्फ तकलीफें बढ़ी हैं और इनके समाधान को लेकर कोई जरूरी कदम नहीं उठाया गया है। खासकर साल 2019 में एक तरफ हमारा स्टेटहुड छीन लिया गया और दूसरी तरफ जनता के मुद्दों का समाधान करने की बजाय इन्हें और अधिक बढ़ा दिया गया। नौकरियां और जमीनों को छीना गया। महंगाई, बेराजगारी, स्मार्ट मीटर जैसे कई मुद्दें जनता के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं जिनका कोई समाधान नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस परेशानी के खिलाफ कांग्रेस पार्टी जनता की बड़ी आवाज के रूप में यहां सामने आई है। उन्होंने चिंता जताई की कि यहां आतंकवाद बढ़ गया है और सरकार ने इसे रोकने की बजाय जम्मू-कश्मीर में एलजी की शक्तियों को बढ़ाकर अपनी पकड़ मजबूत बनाने का प्रयास कर रही है। कार्यकर्ता सम्मेलन में काफी संख्या में कार्यकर्ताओं व स्थानीय नेताओं ने भाग लिया।