संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। राजनीतिक विचारधाराओं से ऊपर उठकर सभी को राष्ट्रीय स्तर की विकास परियोजनाओं को पूरा करने में योगदान देना चाहिए। यह बातें केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने रविवार को उधमपुर में कहीं। वे तीसरी बार सांसद बनने के बाद पहली उधमपुर पहुंचे थे। बट्टल बालियां में पूर्व मंत्री पवन कुमार गुप्ता की तरफ से आयोजित अभिनंदन समारोह में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का लगातार तीसरी बार उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए की गई मेहनत का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता के भरपूर समर्थन और सहयोग का ही परिणाम है कि उधमपुर संसदीय सीट पर भाजपा को लगातार जीत हासिल हुई है। उन्होंने जिला उधमपुर के प्रसिद्ध ‘कलाड़ी’ उत्पाद के बारे में बात करते हुए बताया कि सरकार की एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत दूध से बने इस उपभोज्य पदार्थ को बढ़ावा देने के लिए पहले ही चिन्हित किया जा चुका है। इसकी स्वीकार्यता और मूल्य बढ़ाने के लिए कलाड़ी की ब्रांडिंग आवश्यक है। स्थानीय चैंबर ऑफ कॉमर्स से इस प्रयास में अपनी भूमिका निभाने का आग्रह किया।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने लैवेंडर के दोहन की वकालत की और उपस्थित लोगों को बताया कि जिले के डुडू-बसंतगढ़ क्षेत्र में इसकी खेती पहले ही शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा, कि डोडा जिले की भद्रवाह तहसील में शुरू हुआ अरोमा मिशन उधमपुर पहुंच गया है। मंत्री ने सुझाव दिया, कि उधमपुर में कई दूध उत्पाद हैं, जिन्हें यहां बनने वाले नए औद्योगिक एस्टेट में ब्रांड में बदला जा सकता है। उन्होंने मीडिया और समाज दोनों से क्षेत्र के लैवेंडर की खेती और दूध उत्पादों के बारे में जागरूकता पैदा करने की अपील की। इस बात को रेखांकित करते हुए कि उधमपुर के प्राकृतिक संसाधनों का पूरी तरह से दोहन नहीं किया गया है, केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ये संसाधन भारत की अर्थव्यवस्था के बढ़ने के साथ ही उसमें मूल्य जोड़ेंगे।