किश्तवाड़। भूस्खलन से प्रभावित किश्तवाड़-पाडर मार्ग पांचवें दिन वीरवार को भी बंद रहा। डीडीसी सदस्य पाडर हरिकृष्ण ने ग्रेफ विभाग और जिला प्रशासन की कड़ी निंदा की। कहा कि इन्हीं 2 महीनों में पाडर के लोगों को रोजगार मिलता है। लोग मचैल, मिंदल और चिटो व अन्य यात्राएं करने पाडर आते हैं। पिछले 5 दिनों से मार्ग बंद होने के कारण लोगों को परेशानी हो रहीहै। यहां फंसे यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि जिला उपायुक्त ने बताया था कि पत्थरनक्की पस्सी वाली जगह पर जिला प्रशासन की तरफ से या पाडर का कोई अधिकारी मौजूद रहेगा, परंतु जब उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया तो वहां किसी को भी नहीं पाया गया। मार्ग पर से पस्सी हटाने का काम भी सुस्त गति से चल रहा है। ऐसे में पूरा एक सप्ताह मार्ग को ठीक होने में लगेगा। उन्होंने डिवकाम और उप राज्यपाल से निवेदन किया है कि जल्द ही मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल किया जाए।