उधमपुर। पांच दिन पहले हुई भारी बारिश के चलते बाजारों में सन्नाटा पसर जाने के बाद अब धीरे धीरे बाजारों में कामकाज पटरी पर लौट रहा है। मौजूदा समय में कई सड़क मार्ग बंद होने के चलते पंजाब से व्यापारियों का आने वाला सामान नहीं पहुंच पाया है जबकि कठुआ, आरएसपुरा व जम्मू से ट्रक माल लेकर पहुंचे है। वहीं दूसरी ओर एक बार फिर से मौसम विभाग की ओर से बारिश की एडवाइजरी जारी होने से दुकानदारों की चिंता को और बढ़ा दिया है। गौरतलब है पिछले तीन दिनों तक हुई लगातार भारी बारिश से व्यापारियों को काफी नुकसान हुआ था। इसकी भरपाई आज तक व्यापारी नहीं कर पाए है। हालांकि अब मौजूदा समय में व्यापारियों द्वारा मंगवाया गया सामान भी पहुंचना शुरू हो गया है। इसके चलते दुकानदारों ने राहत की सांस ली है। अभी पंजाब से आने वाला दुकानदारों का सामान नहीं पहुंच पाया है जबकि चावल, आटा, तेल, खाद्य सहित अन्य सामान पहुंच गया है। इसके चलते बाजार अब धीरे-धीरे पटरी पर लौटना शुरू हो गया है। इस संदर्भ मेें व्यापार मंडल के प्रधान जितेंद्र वरमानी का कहना था कि शहर में चल रही सामान की कमी काफी हद तक दूर हो गई है। क्योंकि कई व्यापारियों द्वारा सामान शनिवार को पहुंच गया है। लेकिन बाहरी राज्यों से आने वाला सामान रास्ता बंद होने के चलते नहीं पहुंचा है। संवाद