उधमपुर। वार्ड 7 में मिडिल स्कूल शक्ति नगर से हाईवे को जोड़ने वाले कच्चे रास्ते को पक्का बनाने की मांग को लेकर मोहल्ले वासियों की तरफ से प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि बीते 25 साल से यह करीब 500 मीटर लंबा रास्ता ऐसे ही कच्ची हालत में हैं और साल दर साल इसकी हालत लगातार खराब होती जा रही है। अभी हाल ही में हुई भारी बारिश के दौरान यह रास्ता पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे योग राज ने बताया कि हम बीते कई सालों से इस रास्ते को पक्का बनाने की मांग कर रहें हैं लेकिन इसके बावजूद कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इस कच्चे रास्ते पर मोहल्ले के करीब 700 लोगों की आबादी आश्रित हैं और सरकारी मिडिल स्कूल शक्ति नगर में पढ़ने वाले बच्चे भी इसी रास्ते से होकर स्कूल पहुंचते हैं। बारिश के दौरान यह रास्ता किसी बरसाती नाले के रूप में बदल जाता है और इससे लोगों के घरों तक में पानी घुस जाता है। संवाद