ग्रामीण रोजाना चार किमी दूर स्थित जलस्रोतों से पानी ढो कर गुजारा करने के लिए मजबूर
बरसात में भी लोगों को करना पड़ रहा पानी की किल्लत का सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। तहसील मोंगरी के मिट्टी गौरी गांव में आज भी पानी की सुविधा नहीं है, जिस कारण ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौजूदा समय में लोग रोजाना चार किलोमीटर दूर स्थित जलस्रोतों से पानी ढो कर गुजारा करने के लिए मजबूर हैं। बरसात में भी लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण शाम लाल, बिमला देवी, रानी, स्वर्ण लता, रमेश कुमार, राजकुमार, परस राम और शिव राम ने बताया कि मौजूदा समय में भी क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी है। रोजाना कई किलोमीटर पैदल चलकर प्राकृतिक जलस्रोतों से पीने ढोना पड़ रहा है। बारिश होने पर जलस्रोतों में मिट्टी व मलबा भरने से उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है। समस्या को लेकर कई बार जलशक्ति विभाग के अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन आजतक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
गांव के दौरे पर गए पैंथर्स नेता तिरंतर सिंह ने बताया कि बड़ी शर्म की बात है कि आजतक गांव में पानी की सुविधा नहीं है। क्षेत्र में नेता सिर्फ वोट लेने के लिए ही जाते हैं और ग्रामीणों से झूठे वादे करते हैं। हैरानी की बात है कि आजादी के इतने साल बाद भी क्षेत्र में पानी की सुविधा नहीं है। प्रशासन व सरकार से मांग है कि क्षेत्र की जल्द सुध ली जाए।
क्षेत्र में अभी तक पानी की सुविधा नहीं है। इसकी जानकारी है। जल जीवन मिशन के तहत पानी का टैंक बनाकर पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इसका कार्य जल्द ही शुरू हो जाएगा। इसके बाद लोगों की समस्या का समाधान हो जाएगा।
- सुनील शर्मा, जेई, जलशक्ति विभाग