मासिक बैठक के बाद मजदूर दस्तकार यूनियन के सदस्यों ने की नारेबाजी
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। मजदूर दस्तकार यूनियन की मासिक बैठक एमएच चौक स्थित विश्वकर्मा मंदिर परिसर में जिला प्रधान दर्शन मिस्त्री की अध्यक्षता में हुई। इसमें चिनैनी, रामनगर, जिब, थाती, तिरछी, गंडाला, रामनगर, जगानू, रौंदोमेल सहित अन्य क्षेत्रों के मजदूरों ने हिस्सा लेकर समस्याओं पर विचार-विमर्श किया। वहीं, लंबित मांगें पूरी नहीं होने पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया है।
प्रधान ने बताया कि बैठक का मकसद मजदूरों की समस्याओं पर विचार-विमर्श करना और संबंधित विभागों के अधिकारियों से मिल कर हल करवाने के लिए रणनीति बनाना है। मजदूरों के बच्चों को पढ़ाई के लिए न तो अब स्कॉलरशिप दी जा रही है और न ही काम के दौरान मौत के बाद पीड़ित परिवारों को मुआवजा मिला है। अन्य राज्यों में 60 साल से अधिक आयु के मजदूरों को पेंशन दी जाती है, लेकिन जम्मू-कश्मीर में ऐसी कोई योजना नहीं है। सरकार इसे जल्द शुरू करे। कई विधवाओं को पेंशन नहीं दी जा रही है। महंगाई के दौरान मजदूरों को परिवार का पालन-पोषण करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने उप राज्यपाल व प्रधानमंत्री से मजदूरों की समस्याओं को हल करने की मांग उठाई है।