विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर जताया रोष, कार्यालय के घेराव की दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। शहर में जारी अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ रविवार को दुकानदारों का गुस्सा फूट गया। उन्होंने लाल चौक पर विभाग के खिलाफ प्रदर्शन रोष जताया। दुकानदारों ने कहा कि अघोषित बिजली कटौती के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है। दुकानदार लगातार इसमें सुधार लाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन कहीं भी सुनवाई नहीं हो रही है। अगर जल्द कदम नहीं उठाया गया तो दुकानदार बिजली विभाग के कार्यालय का घेराव करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
व्यापार मंडल के सदस्य नवीन गुप्ता, जोगेंद्र वर्मा व अन्य ने कहा कि बिजली की अघोषित कटौती से कारोबार ठप हो रहा है। शहरवासी भीषण गर्मी में बेहाल हैं और विभाग व्यवस्था में कोई सुधार नहीं कर रहा है। रविवार अलसुबह से ही शहर के सभी बाजारों में बिजली गुल है। भीषण गर्मी में लिए दुकानों के अंदर बैठना तक मुश्किल हो रहा है। प्रशासन भी मौन है। बिजली विभाग और प्रशासन ने स्मार्ट लगाने के बाद 24 घंटे बिजली मुहैया करवाने का वादा किया था, लेकिन कुछ नहीं हो रहा है।
कारोबारी मोहित ने कहा कि गोल मोर्केट में उनकी कोल्ड ड्रिंक और आइसक्रीम का कारोबार है। लेकिन रविवार सुबह 6 बजे से ही बिजली बंद है। पूरा माल पिघल चुका है। गर्म कोल्ड ड्रिंक भी बिल्कुल नहीं बिकी है। बिजली कटोती के कारण इस दिन में उसे 30 हजार रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।