बट्टल बालियां ग्रिड स्टेशन में मरम्मत कार्य अभी भी जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। बट्टल बालियां स्थित ग्रिड स्टेशन में लगी आग तीन ट्रांसफार्मर सहित बिजली के उपकरण जल गए थे। इस कारण औद्योगिक क्षेत्र में दो दिनों तक पूरी तरह से बिजली आपूर्ति ठप रही। शनिवार रात को विभाग ने दो नए ट्रांसफार्मर स्थापित व टेस्टिंग करने के बाद औद्योगिक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को बहाल कर दिया गया था। लेकिन, चौथे दिन भी ग्रिड स्टेशन में उपकरणों की मरम्मत का काम जारी रहा। इस कारण कुछ घंटों के लिए रविवार को औद्योगिक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को बंद रही।
हालांकि, रविवार होने के चलते औद्योगिक क्षेत्र में स्थित इकाइयां बंद थी। अभी एक ट्रांसफार्मर लगाना शेष है। इससे पहले ट्रांसफार्मर के साथ लगने वाले नए उपकरणों को लगाया जा रहा है। विभाग की माने तो 6.3 एमबीए का तीसरा ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा, जिसके लिए अभी दो दिन और लग सकते हैं। ग्रिड को पूरी तरह से चालू करने में अभी चार से पांच दिन लगेंगे। वहीं, औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार रात बिजली आपूर्ति बहाल होने से इकाई मालिकों को काफी राहत मिली है।
शनिवार रात को औद्योगिक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को बहाल कर दी है। अभी भी ग्रिड स्टेशन में एक ट्रांसफार्मर लगाना शेष है, जिसमें 2 से 3 दिन लगेंगे। ग्रिड में जले बिजली के उपकरणों को भी नया लगाया जा रहा है। इसके चलते मरम्मत का कार्य रविवार को भी जारी रहा।
- अनिल गौतम, एक्सईएन सब डिविजन- ट्रांसमिशन बिजली विभाग