सितंबर से अभी तक जीएमसी में हुए चिकनगुनिया के 106 टेस्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। डेंगू के बाद जिले में चिकनगुनिया ने भी दस्तक दी है। इस साल पहली बार आठ मामले मिले हैं, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू, चिकगुनिया और मलेरिया के टेस्ट किए जा रहे हैं। सितंबर से अब तक जीएमसी में चिकनगुनिया के 106 टेस्ट हुए है। सोमवार को आठ लोग चिकनगुनिया से संक्रमित पाए गए हैं। इसके बाद विभाग अलर्ट हो गया है।
उधर, सोमवार को डेंगू का कोई नया मामला नहीं आया है। जिले में अभी तक डेंगू के 46 मामले आ चुके हैं। इसके लिए विभाग की ओर से लोगों को डेंगू से बचाव के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। साथ ही संभावित इलाकों में फॉगिंग के साथ ही दवाई का भी छिड़काव किया जा रहा है।
डेंगू के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग, नगर परिषद और प्रशासन की विशेष संयुक्त टीम गठित की गई है, जो शहर में दवाई के छिड़काव, जागरूकता और साफ-सफाई का ध्यान रख रही है।
यह है चिकनगुनिया
कोरोना वायरस की तरह चिकनगुनिया बीमारी भी एक वायरस से फैलती है। इंसानों के शरीर में यह एडिस मच्छर के काटने से प्रवेश करता है। यह वायरस ठीक उसी लक्षण वाली बीमारी पैदा करता है, जिस प्रकार की स्थिति डेंगू में होती है और कई बीमारियों की तरह इस बीमारी का भी कोई इलाज नहीं है और न ही इसके खिलाफ कोई टीका बना है।
चिकनगुनिया के लक्षण
-अचानक तेज बुखार आना
-जोड़ों में दर्द व मांसपेशियों में दर्द
-सिरदर्द, मतली
-थकान, त्वचा पर लाल चकते
-प्लेट्सलेट्स कम होने लगते हैं
-शरीर में काफी कमजोरी होने लगती है
चिकनगुनिया से बचाव के उपाय
-अपने आसपास साफ-सफाई रखें
-मच्छरों के काटने से खुद को बचाएं
-पूरी बाजू की शर्ट पहनें या हो सके तो अपने पूरे शरीर को ढंक कर रखें
-मच्छरदानी लगाकर सोएं तो ज्यादा बेहतर है
चिकनगुनिया होने पर यह करें
-ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थ लें
-तला-भुना खाने से बचें
-घर पर ही रहें और जितना ज्यादा हो सके आराम करें
-किसी भी तरह की दवाई का सेवन करने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें