आयुष्मान आरोग्य मंदिर जंद्ररेड़ी में डायरिया रोक अभियान के तहत हुआ जागरूकता शिविर
चिकित्सा टीम ने बताए बीमारी से बचने के तरीके
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। लोग डायरिया से बचने के लिए सावधानी बरतें और ओआरएस का अधिक मात्रा में सेवन करें। साथ ही पानी को उबाल कर पीएं और घर व आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता का खास ख्याल रखें। यह अपील चिकित्सा टीम ने सोमवार को रामनगर ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिर जंद्ररेड़ी में स्वास्थ्य विभाग की ओर से डायरिया रोको अभियान के तहत आयोजित जागरूकता शिविर में की है।
शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया, जिन्हें स्वस्थ जीवन शैली जीने के भी गुर सिखाए गए। इस दौरान प्रतिभागियों में ओआरएस के पैक्ट व दवाइयां भी वितरित की गईं। चिकित्सकों ने बताया कि अगर सभी लोग सावधानी बरतेंगे और स्वच्छता बनाए रखेंगे तो डायरिया से स्वयं व बच्चों का बचा सकते हैं।
शिविर में आए लोगों से अपील की गई कि अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। बीएमओ रामनगर डॉ. हरविंद्र सिंह ने बताया कि डायरिया रोको अभियान के चलते रोजाना विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में शिविर लगाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग सावधानियां बरतें और डायरिया जैसी बीमारी से बच सकें।