ब्लॉक घोरड़ी की दो पंचायतों सेरवाला और कनाला के लोगों को मिलेगी सुविधा
सर्वे का काम पूरा, जिला प्लान के तहत बनेंगी सड़कें
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। ब्लाॅक घोरड़ी में जिला प्लान के तहत पंचायत सेरवाला और कनाह में 50 लाख रुपये की लागत से दो सड़कों का निर्माण होगा। यह लोगों की पुरानी मांग है। इससे लोगों की राह आसान होगी। सड़कों के सर्वे का काम भी पूरा कर लिया गया है।
पंचायत सेरवाला में लफड़ मोड़ से गुज्जर मोहल्ला और कनाह पंचायत में मुख्य मार्ग से पंडित मोहल्ला तक सड़क का निर्माण होगा। इन सड़कों के निर्माण की मंजूरी मिलने से ग्रामीणों में खुशी की लहर है। स्थानीय मोहम्मद असलम, मुनीरा बेगम, किशोरी लाल और मंगत राम शर्मा ने बताया कि यह पुरानी मांग थी, जो पूरी होने वाली है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव तक सड़क नहीं होने के कारण काफी परेशानी होती है। खासकर बीमार या शादी जैसे समारोह के लिए काफी परेशान होना पड़ता है। गांव तक सामान पंहुचाना भी मुश्किल होता है।
यह लोगों की पुरानी मांग थी, जो अब पूरी होने जा रही है। अब इन सड़कों के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। इनकी टेंडरिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम शुरू कर दिया जाएगा। इससे दोनों पंचायतों के लोगों को काफी फायदा मिलेगा।
- आरती शर्मा, पूर्व बीडीसी अध्यक्ष