बिजली विभाग की ओर से 93 करोड़ रुपये की लागत से होगा काम
पुराने तार के साथ बदले जाएंगी कम क्षमता के ट्रांसफार्मर
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जिले में बिजली ढांचे में 93 करोड़ रुपये की लागत से सुधार होगा। इसमें जहां शहर सहित जिलेभर में 50 साल से भी ज्यादा पुराने तार और कम क्षमता के ट्रांसफार्मर बदले जाएंगे। इसके लिए कंपनी की टीम ने बिजली विभाग के अधिकारियों से बैठक कर शहर में सर्वे शुरू कर दिया है।
सर्वें कर एक रिपोर्ट बनाई जाएगी और उसी के आधार पर शहर व जिले में नए तार व ट्रांसफार्मर लगाने के साथ ही करीब पांच हजार नए खंभे लगाए जाएंगे। सर्वे पूरा होते ही शहर में नए तार डालने और नए ट्रांसफार्मर लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। इससे शहरवासियों को काफी राहत मिलेगी। अगर हम शहर की बात करें तो कई वार्डों में ट्रांसफार्मर बिना चहारदीवारी और बिना फाउंडेशन के स्थापित किए गए हैं। कई ट्रांसफार्मर जमीन पर रखे हुए हैं। इस कारण हर समय हादसों का अंदेशा बना रहता है। इस योजना के तहत सर्वे में स्थानों का चयन किया जाएगा। इसके बाद ढांचे को बदला जाएगा।
शहर के कई क्षेत्रों में हैं 50 साल से ज्यादा पुराने तार
शहर के कई क्षेत्रों में 50 साल पुराने तार हैं, जो जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। थोड़ी सी हवा चलने पर बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है और लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। रठियान, जखैनी, भारत नगर, बडाली रख, नैनसू, स्याल, रठियान ईस्ट आदि स्थानों पर बिजली के खंभों की कमी है। कई स्थानों पर तार डंडों पर बांधे गए हैं।
विभाग की ओर से 93 करोड़ रुपये की लागत से शहर व जिला में बिजली के ढांचे का सुधार किया जाएगा। इसके लिए तारें व ट्रांसफार्मर लगाने वाली कंपनी की टीम ने सर्वे शुरू कर दिया है। सर्वे पूरा होते ही नए तार डालने और ट्रांसफार्मर लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
- अनिल हीरा, एईई, बिजली विभाग