सेना के नौ पैरा के गोताखोरों ने संभाला मोर्चा
पांच से छह किलोमीटर का क्षेत्र खंगाला गया
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। तवी नदी में जगानू पुल से मंगलवार शाम को कूदे व्यक्ति का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिला है। वीरवार को सुबह से लेकर देर शाम तक तलाशी अभियान जारी रहा। इसमें सेना के 9 पैरा के गोताखोरों की भी मदद ली गई। शाम तक करीब पांच से छह किलोमीटर का क्षेत्र खंगालने के बाद भी व्यक्ति का पता नहीं चल पाया है।
तलाशी अभियान चला रहे एनडीआरएफ टीम के अधिकारी ने बताया कि तलाश के लिए तवी नदी में गोताखोरों को भी उतारा है और बोट की भी मदद ली जा रही है। नदी के किनारों पर तलाश के लिए पैदल टीम भी लगाई है। करीब 5 से 6 किलोमीटर तवी को अच्छे तरीके से खंगाल चुके हैं, लेकिन अभी तक उक्त व्यक्ति का को पता नहीं चल पाया है। इसलिए ऐसा भी हो सकता है कि वह तवी नदी के किनारे मौजूद चट्टानों के भीतर फंस गया हो। फिलहाल, एनडीआरएफ की टीम के साथ 9 पैरा के डीप डाइवर्स की टीम सर्च ऑपरेशन में शामिल है। वैसे 24 घंटे के बाद शव फूलकर स्वयं पानी के ऊपर तैरने लगता है, लेकिन यहां पानी ठंडा होने के कारण इस प्रक्रिया में 36 घंटे या इससे अधिक समय लग सकता है।
गौरतलब रहे कि मंगलवार शाम को साढ़े छह बजे साहिल पंडोत्रा निवासी जगानू ने पुल से तवी नदी में छलांग लगा दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ ने रेसक्यू अभियान शुरू कर दिया था। उसकी तलाश में बीते दो दिन से बोट और गोताखोरों की मदद से सर्च आपरेशन चलाया जा रहा है। वीरवार से सेना के 9 पैरा के डीप डाइवर्स की मदद ली गई है।