कैपेक्स बजट के तहत खर्च किए जाएंगे 52 लाख रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जिले के दूरदराज क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों की जल्द ही दशा को बदलने वाली है, जिससे बच्चों और स्टॉप की समस्याएं दूर हो जाएंगी।
जिला कैपेक्स बजट के तहत 52 लाख रुपये की लागत से आठ सरकारी हायर सेकेंडरी व हाई स्कूलों की इमारतों की मरम्मत करने के साथ ही कुछ स्कूलों में नए कमरे बनाए जाएंगे। इन क्षेत्रों में पंचैरी, बसंतगढ़, लद्दा, गरनई और कुलवंता के स्कूल शामिल हैं।
गौरतलब है कि जिन स्कूलों की इमारतों का मरम्मत का कार्य विभाग द्वारा करवाया जा रहा है उनमें से कई स्कूलों की इमारतें 50 साल से भी पुरानी हैं। हालांकि, शिक्षा विभाग के अधिकारियों के पास पिछले काफी लंबे समय से स्कूल की इमारतों की मरम्मत करवाने के लिए बच्चों के अभिभावक सहित क्षेत्र के डीडीसी, सरपंच गुहार लगा रहे थे।
काफी समय से जिले के दूरदराज क्षेत्रों में स्कूलों की खस्ताहाल इमारतों की मरम्मत की लोगों की ओर से मांग की जा रही थी। विभाग ने इन स्कूलों की मरम्मत के लिए प्रस्ताव बना कर भेजा था। अब पैसे मंजूर हो गए हैं और जल्द ही स्कूलों की खस्ताहाल इमारतों की मरम्मत का काम शुरू करवा दिया जाएगा।
- कल्पना जसरोटिया, डिप्टी सीईओ, उधमपुर