सरसू से बरमीन खास सड़क का 350 मीटर हिस्सा हो चुका था खस्ता, लोगों को होती थी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। सरसू से बरमीन खास को जाने वाली सड़क की मरम्मत करने के लिए स्टेट प्लान से 63 लाख रुपये की राशि को मंजूरी मिली है। इससे 50 हजार की आबादी को लाभ मिलेगा। पूर्व सरपंच सुनीता कुमारी ने बताया कि 350 मीटर सड़क की मरम्मत को लेकर डीडीसी से मांग के बाद समस्या का समाधान हो पाया है।
पैसा मंजूर होने के बाद सरसू के ग्रामीणों में खुशी की लहर है। लोगों ने बताया कि सड़क एक हिस्सा चलने लायक नहीं बचा था जिसके चलते आने-जाने में परेशानी होती थी। पूर्व सरपंच सुनीता कुमारी ने बताया कि उन्होंने डीडीसी ने 2023 में ही इस सड़क की मरम्मत को लेकर इसे प्लान में डलवा दिया था। इस सड़क की मरम्मत के लिए स्टेट प्लान से पैसा मंजूर हुआ है। इसके लिए गांववासी डीडीसी चेयरमैन लाल चंद का आभार व्यक्त करते हैं। अब जल्द ही टेंडर प्रक्रिया को पूरा कर सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
लोगों ने बताया कि यह सड़क घोरड़ी, मारड़ा माता, लाड़, गुडी और बरमीन तक जाती है। कैलाशो देवी, रीटा, सुनील कुमार, सीमा देवी, गुड्डी देवी, पंच बलदेव ने बताया कि कई साल से सड़क की हालत खस्ता थी। बारिश के दिनों में सड़क पर कीचड़ के बीच से गुजरना पड़ता था। सड़क की दयनीय दशा के कारण कई बार वाहन चालक भी क्षेत्र में आने से मना कर देते थे।