संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। वाहनों पर फर्जी प्रेस लिखवा कर नशा तस्करी के प्रयास को पुलिस ने विफल कर दिया है। पुलिस ने कश्मीर से पंजाब की ओर ले जाई जा रही 60 किलो भुक्की की खेप बरामद की है। वहीं, तस्करी के आरोप में चालक को गिरफ्तार किया गया है, जो खुद को पत्रकार बता रहा है। उसकी पहचान राकेश कुमार शर्मा निवासी ग्रेटर कैलास मकसूदा जालंधर (पंजाब) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार उधमपुर पुलिस ने रौन दोमेल में रविवार को नाका लगाया था। इस दौरान श्रीनगर से जम्मू की तरफ जा रहे लोड कैरियर (पीबी08एफडी 4276) को रोका और तलाशी लेने पर 60 किलो भुक्की बरामद हुई। पुलिस ने वाहन को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जब्त किए गए वाहन पर प्रेस लिखा हुआ था और अंदर एक न्यूज पोर्टल का माइक रखा हुआ था। आरोपी खुद को पत्रकार बता रहा था। वाहन में बोरियों में भुक्की की खेप छिपाई गई थी।