पुलिस का 24 घंटे में झपटमारी का मामला सुलझाने का दावा
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। पुलिस ने एक कुख्यात स्नैचर को गिरफ्तार कर 24 घंटे में झपटमारी के मामले को सुलझाने का दावा किया है। जानकारी के मुताबिक धनी राम पुत्र फीनू राम निवासी प्रे कुल्टियार (पंचैरी) ने इस संबंध में शुक्रवार को को उधमपुर पुलिस में शिकायत दी थी। इसमें बताया था कि जीएमसी उधमपुर में एक अज्ञात व्यक्ति 24500 रुपये छीनकर फरार हो गया है। इस पर उधमपुर थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान, एसएचओ उधमपुर इंस्पेक्टर रघुबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण की मदद से मामले में कुछ सुराग जुटाए और आरोपी व्यक्ति आमिर फारूक निवासी सर्राफा मोहल्ला (भद्रवाह) व वर्तमान में सिद्धड़ा जम्मू को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मामले में संलिप्तता कबूल की और उसके आगे के खुलासे पर शिकायतकर्ता की छीनी गई नकदी को बरामद कर लिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।