कई सालों से नहीं हुई मरम्मत, नगर परिषद के खिलाफ लोगों में रोष
आजतक सुध नहीं लेने के कारण कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। बरसात का सीजन शुरू होने वाला है, लेकिन शहर के नालों की इस बार भी मरम्मत नहीं हो पाई है। इस कारण बरसाती नाले फिर से कहर बरपाने के साथ ही शहरवासियों सहित ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनेंगे। नगर परिषद की ओर से बरसाती नाले की अभी तक मरम्मत और साफ-सफाई नहीं होने से शहरवासियों में रोष है। उन्होंने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाना शुरू कर दिए हैं। उधर, नगर परिषद के अधिकारियों का कहना है कि प्रस्ताव भेजा है। मंजूरी मिलते ही काम शुरू करवा दिया जाएगा।
शहर के वार्डों में बहने वाले बरसाती नालों की दशा काफी दयनीय है। हर साल बरसात में नाले उफान पर रहते हैं। हर साल स्थानीय लोग नगर परिषद से इन बरसाती नालों की दशा सुधारने की मांग करते हैं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। इसका खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ता है। शहर के वार्ड एक के भारत नगर, रेलवे रोड संगूर, आदर्श कॉलोनी, सैरगाह रोड, बाड़ेयां और बिल्लन बावली क्षेत्र के नाले क्षतिग्रस्त होने के साथ ही गंदगी से पटे हैं। वार्ड 12 के बिल्लन बावली का नाला कई जगह से क्षतिग्रस्त है। बरसात में नाला काफी उफान पर रहता है। क्षतिग्रस्त होने के कारण इसका पानी खेतों में पहुंच कर फसलों को नुकसान पहुंचाता है। वहीं, नाले का पानी बावलियों में पहुंचता है। इससे बावलियों में कचरा भर जाता है। बरसात में लोगों को पानी समस्या से परेशान होना पड़ता है। हालांकि, लोग कई बार नगर परिषद से क्षतिग्रस्त हुए नालों की मरम्मत की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन आजतक कोई कदम नहीं उठाया गया है।
एयरफोर्स स्टेशन मार्ग का नाला हर साल बनता है समस्या का सबब
एयरफोर्स स्टेशन मार्ग पर स्थित नाला भी बरसात में काफी उफान पर रहता है। इससे मंदिर को भी नुकसान पहुंचता है। लोग की मांग के बावजूद प्रशासन व संबंधित विभाग आजतक नाले के दोनों ओर सुरक्षा दीवार नहीं बना पाया है।
विभाग की ओर से शहर में क्षतिग्रस्त हुए नालों की मरम्मत के लिए प्लान बनाकर भेज दिया है, लेकिन अभी तक मंजूरी नहीं मिली है। उम्मीद है कि जल्द मंजूरी मिलेगी, जिसके बाद क्षतिग्रस्त हुए नालों की मरम्मत का काम शुरू करवा दिया जाएगा।
- नितिन गुप्ता, सीईओ नगर परिषद
-
दस साल से ज्यादा समय से शहर के नालों की मरम्मत नहीं की गई है। कई बार लोग नगर परिषद से क्षतिग्रस्त हुए नालों की मरम्मत करने की गुहार लगा चुके है, लेकिन आजतक सिवाए आश्वासन के कुछ नहीं मिला है। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
- राकेश शर्मा, स्थानीय निवासी
बरसात का मौसम शुरू होने को है, लेकिन अभी तक शहर के नालों की मरम्मत सति साफ-सफाई नहीं हो पाई है। हर बार की तरह इस बार भी नगर परिषद के आश्वासन झूठे ही निकले हैं। इससे लगता है कि इस बार भी क्षतिग्रस्त नालों के चलते समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।
- गौरव शर्मा, स्थानीय निवासी
आर्दश कॉलोनी से पुराने हाईवे की ओर जाने वाली सड़क किनारे बना नाला कई जगहों से क्षतिग्रस्त है। बरसात में नाला उफान पर रहता है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार नगर परिषद को नालों की दशा को सुधारने की गुहार लगाई, लेकिन आजतक कोई कदम नहीं उठाया गया है।
- राजेश कुमार, स्थानीय निवासी
नगर परिषद की ओर से शहर के नालों की सफाई नहीं करवाई गई है। नाले कचरों से पटे हैं। नगर परिषद को बरसात से पहले नालों की मरम्मत करवानी चाहिए। नगर परिषद नालों की मरम्मत करवाने में नाकाम साबित हुई है। प्रशासन से जल्द कदम उठाने की मांग है।
- मोहित कुमार, स्थानीय निवासी