शहर के 21 वार्ड में 20 में यही समस्या, अवगत करवाने के बावजूद आजतक नहीं करवा पाया समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। शहर में अर्बन एनवायरनमेंटल इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट (यूईईडी) की तरफ से लोगों को सुविधा प्रदान करने के लिए सभी वार्डों में सीवरेज लाइन बिछाई गई है। लेकिन, मौजूदा समय में जगह-जगह से ब्लॉक और गटर से रिसाव होने से लोगों के लिए परेशानी का सबब बन चुकी है। सड़कों और गलियों में बह रही गंदगी के कारण लोगों का जीना मुहाल हो चुका है। समस्या के संबंध में शहरवासी कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत करवा चुके हैं, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है। इससे लोगों में रोष है।
शहर के 21 वार्डों में से एक नंबर वार्ड को छोड़कर सभी में बिछाई गई सीवरेज लाइन के साथ ही गटर से गंदगी का रिसाव हो रहा है, जिस कारण दुर्गंध से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। लोग कई बार इस समस्या को लेकर विभाग के अधिकारियों को अवगत करवा चुके है, लेकिन उसके बावजूद कोई समाधान नहीं हो सका है। वार्ड चार आदर्श कॉलोनी में कई जगहों से पाइप ब्लॉक होने से गटर से गंदगी बाहर निकल कर सड़कों में बह रही है। हालांकि, कई बार लोग सफाई कर्मचारियों को बुलाकर ब्लॉकेज को खुलवा कर रिसाव को बंद करवा चुके है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। गौरतलब रहे कि कुछ दिन पहले संगूर में भी पाइप लाइन ब्लॉक होने के चलते गंदगी मोहल्ले के रास्ते में जमा हो गई थी, जिस कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। इस संबंध में लोगों विभाग के खिलाफ प्रदर्शन भी किया था।
सीवरेज लाइन की वजह से इन इलाकों में है सबसे ज्यादा समस्या
शहर में सीवरेज लाइन का काम पूरा होते ही विभिन्न स्थानों पर ब्लॉकेज और गटर के रिसाव की समस्या बढ़ने लगी है। इसका खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। शिव नगर, आदर्श कॉलोनी, हाउसिंग कॉलोनी, एमएच चौक, शक्ति नगर और संगूर इलाके में यह समस्या सबसे ज्यादा है। इस कारण लोगों में विभाग के खिलाफ रोष है।
सफाई कर्मियों की सेवाएं लेने के लिए शहरवासी मजबूर
जिस तरह से आए दिन शहर के कई वार्डों में सीवरेज पाइप लाइन ब्लॉक हो जाती है। उसके चलते लोग खुद पैसे खर्च कर सफाई कर्मचारियों को बुलाकर सीवरेज लाइन की मरम्मत कर रिसाव बंद करवाने के लिए मजबूर हैं। लोगों ने संबंधित विभाग से मांग करते हुए कहा कि बार-बार ब्लॉक हो रही सीवेरज लाइन को दुरुस्त कर लोगों को समस्या से निजात दिलाई जाए।
शहर में लोगों की गलतियों के कारण ही सीवरेज लाइन ब्लॉक और गटर में रिसाव हो रहा है। लोग सीवरेज लाइन में कपड़े, पॉलिथीन आदि फेंक देते हैं। सीवरेज लाइन में ब्लॉकेज की समस्या से निपटने के लिए टीम गठित की है, जो सूचना मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई कर रही है।
- ओंकार शर्मा, एईई, यूईईडी, उधमपुर
-