शहर के वार्ड दो का मामला, रोजाना ढाई से तीन हजार वाहनों की होती है आवाजाही
पुराने हाईवे से धार रोड सुभाष नगर, दोमेल चौक और सलाथिया चौक के लिए है शॉर्टकट मार्ग
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। शहर के वार्ड दो के इंदिरा नगर से धार रोड को जोड़ने वाली सड़क की हालत काफी खराब है, जिस कारण स्थानीय लोगों सहित शहरवासी प्रभावित हो रहे हैं। आधा किलोमीटर लंबी सड़क पर गड्ढों की भरमार है, जिस कारण पैदल तो दूर वाहन चलाना भी मुश्किल होता है।
खासकर दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हादसों का भय बना रहता है। यह पुराने जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से धार रोड, सुभाष नगर, दोमेल चौक, सलाथिया चौक की ओर जाने के लिए शॉर्टकट मार्ग है। इस कारण रोजाना ढाई से तीन हजार के करीब वाहनों की आवाजाही होती है।
लेकिन, सड़क के बीचोबीच बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। बारिश के दौरान इनमें पानी भरने से दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, स्थानीय लोगों ने कई बार इस समस्या को लेकर नगर परिषद को अवगत कराया, लेकिन आजतक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
इस संदर्भ में नगर परिषद के सीईओ विशाल सड़ोत्रा ने बताया कि आचार संहिता के चलते सड़क की मरम्मत नहीं हो पाएगी। इसके बाद टीम को मौके पर भेजकर स्थिति का जायजा लेंगे और आगामी कदम उठाया जाएगा।
काफी लंबे समय से नगर परिषद व प्रशासन से सड़क की मरम्मत करवाने की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन आजतक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। धार रोड की ओर जाने के लिए शॉर्टकट रास्ता होने के कारण बड़ी संख्या में लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। लेकिन, सड़क की दयनीय दशा के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
- मोहन लाल, स्थानीय निवासी
बारिश के दिनों में सड़क मार्ग पर इतना पानी जमा हो जाता है। ऐसे लगता है मानो तालाब बन गया हो। लेकिन, कई बार संबंधित विभाग व प्रशासन से गुहार लगाने के बावजूद इसकी सुध लेने के लिए आजतक कोई नहीं आया। इसका खामियाजा स्थानीय लोगों के अलावा वाहन चालकों को को भुगतना पड़ रहा है।
- करतार सिंह, स्थानीय निवासी
इसी सड़क मार्ग पर चिनैनी हाइड्रो प्रोजेक्ट का दफ्तर होने के चलते रोजाना बड़ी संख्या में लोग कामकाज के सिलसिले में आते हैं। बारिश के दिनों में सड़क पर चल पाना भी मुश्किल हो जाता है। मौसम साफ होने पर सड़क पर बने गड्ढे लोगों को परेशान करते है। कई बार गुहार लगाने के बावजूद मरम्मत नहीं करवाई जा रही है।
- संजीव शर्मा, स्थानीय निवासी
नगर परिषद के अधिकारियों से मांग है कि जल्द सड़क की मरम्मत करवाई जाए, ताकि राहगीरों सहित स्थानीय लोगों व चालकों को राहत मिल सके। सड़क पर बने गड्ढे आए दिन हादसों को न्योता दे रहे हैं। इतना ही नहीं कई बार दोपहिया वाहन चालक व पैदल चलने वाले लोग गिर कर घायल हो चुके हैं।
- जुगल किशोर, स्थानीय निवासी