तैयारियां पूर्ण, एसडीएम ने दौरा कर स्थिति का लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
चिनैनी। ज्येष्ठ पूर्णिमा पर तहसील में तीन दिवसीय ऐतिहासिक वार्षिक सुधमहादेव मेला 21 जून से शुरू होगा। इसे लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मेले का शुभारंभ डीसी की ओर से किया जाएगा। मेला स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था चौक चौबंद कर दी गई है।
मेले की पूर्व संध्या पर एसडीएम गुरुदेव कुमार ने टीम सहित मेला स्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया है। मेला स्थल पर सरकारी स्टाल लगने शुरू हो गए हैं। वहीं, तीन दिन तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। वहीं, पाप नाशिनी बावली में श्रद्धालुओं के पवित्र स्नान के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। भगवान शिव के प्राचीन मंदिर के बाहर भी सुरक्षा पुख्ता की गई है। अस्थायी दुकानें सज गई हैं। मेले में जाम की समस्या से निपटने के लिए भी पार्किंग के भी प्रबंध किए हैं। सुधमहादेव मेले का आगाज गौरीकुंड से हो जाता है। वहां पर पवित्र स्नान के बाद श्रद्धालु सुधमहादेव पहुंचते हैं और इसके बाद मानतलाई में भी पवित्र स्नान किया जाता है।