संवाद न्यूज एजेंसी
चिनैनी। चिनैनी तहसील के अंतर्गत वर्कशॉप से पावर हाउस तक की सड़क इस बार स्थानीय स्तर पर चुनावी मुद्दा रहेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि उम्मीदवारों के सामने इस मुद्दे को रखेंगे। इसी आधार पर अपने मताधिकार का उपयोग भी करेंगे।
स्थानीय निवासी सुभाष चंद्र, विकास, रमेश कुमार ने बताया कि वर्कशॉप से सड़क की हालत काफी खस्ता है। छह दशक पहले इस सड़क को बनाया गया था। लेकिन, आज तक लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस मार्ग पर यात्री वाहन भी नहीं चलते हैं। इस कारण लोगों को पैदल आवागमन करना पड़ रहा है। इस बार चुनाव में स्थानीय स्तर पर यही मुद्दा रहेगा। लोगों का कहना है कि कई दूरदराज इलाकों में सड़कें बन गई हैं, लेकिन उनके गांव की सड़क की अनदेखी की जा रही है। इसको उम्मीदवारों के सामने रखेंगे। लोगों को खुद सड़क की मरम्मत करनी पड़ती है। लोगों का कहना है कि उन्होंने सड़क को लेकर प्रदर्शन भी किया था। इसके साथ ही अधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा गया था। सड़क न बनने से कई तरह की दिक्कतें आ रही हैं।