संवाद न्यूज एजेंसी
चिनैनी। कस्बे में सोमवार को स्वीप के तहत रैली निकाली गई। इसे नोडल अधिकारी कन्नू मंगोत्रा ने हरी झंडी दिखाई। इसका मकसद मतदाताओं को ज्यादा से ज्यादा मतदान करने के लिए प्रेरित करना था। इस मौके पर पौधरोपण भी किया गया।
रैली का आयोजन हायर सेकेंडरी स्कूल के मैदान से हुआ। इसमें स्कूलों के विद्यार्थियों के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद थे। रैली कस्बे के बाजारों से होते हुए मुख्य बस स्टैंड तथा वार्ड नंबर 2 से होते हुए वापस स्कूल में पहुंची। इस दौरान एसडीएम गुरदेव कुमार, तहसीलदार पंकज सिंह, बीडीओ रामपाल, बीएमओ डॉ. सैय्यद असद बुखारी तथा अलग-अलग विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। रैली के दौरान बच्चों ने सभी को वोट डालने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बताया कि एक अक्तूबर को को तीसरे चरण के तहत वोट डाले जाएंगे।
नोडल अधिकारी कन्नू मंगोत्रा ने कहा कि जहां पर कम वोटिंग हुई थी और कई महिलाएं मतदान केंद्रों तक नहीं जाती थी, इस कार्यक्रम के जरिए उन्हें मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान पौधे भी लगाए गए।