आशा वर्कर्स ने शहीद भगत सिंह पार्क में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर जताया रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। बढ़ा हुआ वेतन नहीं मिलने पर स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत आशा वर्कर्स में काफी गुस्सा है। वीरवार को उन्होंने शहीद भगत सिंह पार्क में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष जताया है। इसमें जिले के विभिन्न तहसीलों व ब्लॉकों से आई बड़ी संख्या में आशा वर्कर्स ने हिस्सा लिया।
आशा वर्कर्स ने बताया कि अन्य राज्यों में आशा वर्कर्स को 10 से 15 हजार रुपये दिए जा रहे है। लेकिन, प्रदेश में दो हजार रुपये महीना दिया जा रहा है। पिछले साल वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया था और हमें सरकार से यह आश्वासन दिया गया था कि आप का वेतन 50 प्रतिशत बढ़ाकर उन्हें अप्रैल माह में दिया जाएगा। लेकिन, अभी तक बढ़ा हुआ वेतन नहीं दिया गया।
इस कारण हमें मजबूर होकर सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। रीता रानी ने कहा कि आशा वर्कर्स को अन्य राज्यों के बराबर वेतन दिया जाए और समय-समय पर वेतन में बढ़ोतरी हो। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक वेतन नहीं बढ़ाया जाता तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि हमें यही आश्वासन मिला है कि विधान सभा चुनावों के बाद उनका मामला हल कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने हमारी मांग को पूरा नहीं किया गया तो उनका लगातार प्रदर्शन जारी रहेगा।