20 कृषकों का दल रवाना, जिला कृषि अधिकारी ने दिखाई हरी झंडी
संवाद न्यूज एजेंसी
चिनैनी। जिला प्रशासन और कृषि विभाग जिले में लैवेंडर की कृषि को बढ़ावा देने के लिए कदम उठा रहा है। ढाई सौ से ज्यादा हेक्टेयर भूमि पर लैवेंडर की खेती करने की योजना बनाई गई है। इस संबंध में बुधवार को तहसील लाटी के 20 किसानों के दल को भद्रवाह भद्रवाह भेजा गया।
ये किसान वहां पर लैवेंडर खेती के बारे में जानकारी हासिल करेंगे। बुधवार को चिनैनी के दोमेल से जिला कृषि अधिकारी संजय आनंद ने दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दो दिवसीय दौरे के दौरान किसान लैवेंडर के बारे में जानकारी हासिल करेंगे। पंचायत लाटी के पूर्व सरपंच कस्तूरी लाल गुप्ता ने बताया कि भद्रवाह लैवेंडर की खेती के लिए प्रसिद्ध है। लाटी तहसील का तापमान भी वैसा ही है। दो दिन में पूरी जानकारी हासिल करेंगे।
कृषि विभाग के जिला अधिकारी संजय आनंद ने बताया कि जिला उधमपुर के लाटी, डूडू, बसंतगढ़, कुलवंता, पंचैरी तथा अन्य इलाकों में लैवेंडर को बढ़ावा देने के लिए ढाई सौ हेक्टर भूमि पर लैवेंडर लगाने की तैयारी है। इसी के चलते लाटी तहसील के 20 किसानों को भद्रवाह भेजा गया है। 50-50 किसानों का क्लस्टर भी बनाया जाएगा।